भगासु वॉटर फॉल्स : प्रकृति का उपहार
भगासु वॉटर फॉल्स को हिमाचल प्रदेश की खूबसूरती का एक नगीना कहें तो शायद कोई अतिश्योक्ति न होगी। जी हां, भगासु वॉटर फॉल्स की सुन्दरता बेजोड़ है।
जिससे पर्यटक हिमाचल प्रदेश खींचे चले आते हैं। यह सुन्दर वॉटर फॉल्स कांगड़ा जिला के मैक्लोड गंज के निकट स्थित है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी धर्मशाला से करीब 7 किलोमीटर दूर भगासु वॉटर फॉल्स की कलात्मकता भी देखते बनती है।
मैक्लोड गंज से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित यह वॉटर फॉल्स पर्यटकों को भरपूर आक्सीजन प्रदान करता है। पथरीली चट्टानों पर मोती सा चमकता झरना का जल अति सुन्दर प्रतीत होता है।
वस्तुत: मैक्लोड गंज के पास भगतुनाथ मंदिर है। इसी के निकट भगतु गांव स्थित है। यह भव्य-दिव्य झरना इस गांव का हिस्सा है।
करीब 20 मीटर ऊंचाई से गिरने वाला यह झरना अपने सौन्दर्य से दर्शकों-पर्यटकों को मुग्ध कर लेता है। यह मध्यम आकार-प्रकार का झरना है। वनस्पतियों एवं वन सम्पदाओं से घिरा भगासु वॉटर फॉल्स देश विदेश के पर्यटकों का विशेष पसंदीदा स्थान है।
मानसून में इसकी सुन्दरता एवं भव्यता-दिव्यता निखर उठती है। पर्वत श्रंखला के साथ वॉटर फॉल्स का संगम बेहतरीन संयोजन पैदा करता है। सर्दियों में यहां बर्फबारी का भरपूर आनन्द लिया जा सकता है। भगासु वॉटर फॉल्स के शीतल एवं शांत जल में स्नान करना एवं जलक्रीड़ा करना पर्यटकों के लिए एक सुखद एहसास होता है।
भगासु वॉटर फॉल्स का आकार-प्रकार ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे कैनवास पर भित्ति चित्र का संयोजन किया गया हो। शीतल जल में तैरना पर्यटकों को सुखद एवं ताजगी देने वाला होता है। ट्रैकिंग के लिए भगासु वॉटर फॉल्स एरिया सबसे बेहतरीन है।
वस्तुत: भगतु गांव एक आदर्श पिकनिक स्पॉट है। भगतूनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित दिव्य धार्मिक स्थान है। मंदिर खास तौर से पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र है।
प्राकृतिक सौन्दर्य का यह सुन्दर आयाम पर्यटन एवं धार्मिक स्थान के तौर से खास प्रसिद्ध है। वनस्पतियों की प्रचुरता इस स्थान को आैर भी अधिक सुन्दर बना देती है।
भगतूनाथ मंदिर एवं भगासु वॉटर फॉल्स के बीच दूरी केवल आधा किलोमीटर है। वॉटर फॉल्स मुख्य सड़क पर स्थित है। लिहाजा पर्यटकों को लम्बी यात्रा नहीं करनी पड़ती है।
हालांकि वॉटर फॉल्स का भरपूर आनन्द लेने के लिए पहाड़ की चढ़ाई करनी पड़ती है। भगासु वॉटर फॉल्स को भगतसुग वॉटर फॉल्स के नाम से भी जाना जाता है। खास यह कि भगासु वॉटर फॉल्स एवं उसके आसपास रोमांच की विविधिता का एहसास किया जा सकता है।
भगासु वॉटर फॉल्स की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट गग्गल एयरपोर्ट है। गग्गल एयरपोर्ट से कांगड़ा की दूरी करीब 13 किलोमीटर है।
निकटतम रेलवे स्टेशन पठानकोट जंक्शन है। पठानकोट रेलवे जंक्शन से कांगड़ा की दूरी करीब 90 किलोमीटर है। कांगड़ा से भगासु वॉटर फॉल्स की दूरी करीब 28 किलोमीटर है। पर्यटक सड़क मार्ग से भी यात्रा कर सकते हैं।
32.203500,76.333170
32.203500,76.333170
Comments
Post a Comment